जौनपुर।
थाना खुटहन पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात तथा 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 3 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 की रात ग्राम रामनगर में एक घर से हार, मंगलसूत्र, करधनी, नथिया समेत अन्य जेवरात और नगदी चोरी हो गई थी। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 44/26 धारा 305 बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 12/26 धारा 305, 317(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था।
ऐसे हुआ खुलासा
2 मार्च 2026 को वादिनी सुलेखा पत्नी रोहित विश्वकर्मा निवासी ग्राम पंचायत रामनगर ने तहरीर देकर बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 10 बजे घर के अंदर रखे जेवरात और नकदी चोरी हो गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनकी पहचान गांव के ही सुजीत रजक और शैफन रजक के रूप में हुई।
सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 मार्च को सुबह करीब 11:20 बजे सुल्तानपुर-सरायख्वाजा रोड के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
सुजीत रजक पुत्र मुन्नीलाल रजक, निवासी राजापुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर (उम्र करीब 24 वर्ष)
शैफन रजक पुत्र मदन कनौजिया, निवासी मेहनोरे खुटारपुर भैसा, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर (उम्र करीब 25 वर्ष)
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से:
एक अदद हार (पीली धातु)
एक नथिया
एक कमरबंद
तीन जोड़ी बिछिया
कुल 35,000 रुपये नकद
बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे घर की गतिविधियों पर नजर रखते थे और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष खुटहन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक एवं पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूर्ण कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों पर सख्त नियंत्रण रखा जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
-

