खुटहन (जौनपुर)।09जुलाई2026। थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर सलहदीपुर गांव में राजस्व संहिता की धारा-24 के तहत कराए गए सीमांकन एवं पत्थरगद्दी के बाद सीमा-चिह्न उखाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित अरविंद ने पांच लोगों पर सरकारी सीमांकन को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी शाहगंज को शिकायती पत्र सौंपकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई तथा दोबारा पत्थरगद्दी कराने की मांग की है।
गांव निवासी अरविंद ने उपजिलाधिकारी शाहगंज को दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उनकी भूमि का सीमांकन उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-24 के तहत सक्षम अधिकारियों द्वारा कराया गया था। सीमांकन के उपरांत राजस्व विभाग ने मौके पर सीमा-निर्धारण के लिए पत्थरगद्दी भी कराई थी।
उनका आरोप है कि इसके बाद गांव के लालमणि पुत्र दलसिंगार, हरगेन पुत्र दलसिंगार, अशोक पुत्र धर्मराज, विनोद पुत्र वंशराज तथा राजाराम ने लगाए गए सीमा-चिह्नों को उखाड़ दिया। इससे सरकारी सीमांकन की प्रक्रिया प्रभावित हुई और भूमि विवाद पुनः खड़ा हो गया।अरविंद ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि प्रतिवादियों की इस कार्रवाई से न केवल राजस्व विभाग द्वारा कराई गई पत्थरगद्दी की अवहेलना हुई है, बल्कि भविष्य में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर नामजद प्रतिवादियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने, पुनः सीमा-चिह्न स्थापित कराने तथा भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-

