लापता युवक की मौत के मामले में एक गिरफ्तार, साक्ष्यों के आधार पर बदली गई धारा
तीन दिन से लापता युवक का खेत में मिला था शव, जांच के बाद पुलिस ने आरोपी का नाम किया उजागर
खुटहन (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के मुजक्किरपुर गांव में तीन दिन से लापता युवक दीपक विश्वकर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने राजेश यादव पुत्र रामदुलार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस को परिवर्तित कर धारा 105 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
बताया गया कि 30 अगस्त 2026 की सुबह करीब पांच बजे मुजक्किरपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (30) शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर उसी दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इसके बाद 1 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे उसका शव ग्राम पंचायत भवन के पीछे स्थित रामदुलार यादव के खेत में मिला था। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
परिजनों और ग्रामीणों के बीच चर्चा के अनुसार, राजेश यादव पुत्र रामदुलार यादव के खेत में नंगा बिजली का तार लगा हुआ था। आरोप है कि इसी तार की चपेट में आने से दीपक की मौत हुई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना को गैर इरादतन हत्या से संबंधित मानते हुए मुकदमे में धारा 105 बीएनएस की कार्रवाई की और राजेश यादव का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 5 सितंबर 2026 को दोपहर 1:10 बजे गौसपुर बाजार से राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, कांस्टेबल रणविजय यादव तथा कांस्टेबल ओमकार यादव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-

