पनौली हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, महिला की हत्या के आरोपी लालमन गिरफ्तार




दरवाजा लगाने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी की बरामद; न्यायालय में पेश किया गया आरोपी

खुटहन (जौनपुर)। खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव में 7 सितंबर को हुई 50 वर्षीय महिला गुड़िया की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल ईंट भी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालमन पुत्र जैतू उर्फ जीतू विश्वकर्मा, निवासी पनौली, थाना खुटहन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पनौली गांव में गुड़िया पत्नी मुक्तार अहमद अपने नव निर्मित मकान में फर्नीचर का काम कराने पहुंची थीं। इसी दौरान मकान में उनकी लाश पड़ी मिली। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर परिजनों की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, मृतका की भतीजी सानिया ने बताया कि मकान में दरवाजा लगाने का काम गांव के ही लालमन पुत्र जीतू विश्वकर्मा से कराया गया था। दरवाजा लगाने के काम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान लालमन ने गुड़िया की हत्या कर दी।

मामले में थाना खुटहन पुलिस ने मु0अ0सं0 295/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।

लक्ष्मी मोड़ से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस को मुखबिर से आरोपी लालमन के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 8 सितंबर 2026 को सुबह 11:25 बजे लक्ष्मी मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया।



-

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने

Powerd by शिवसेन्द्र यादव पत्रकार खुटहन 9415938557



 


نموذج الاتصال