खुटहन थाना क्षेत्र के गठाना गांव की घटना, छेड़खानी का विरोध करने पर भाई-बहन पर हमला, पीड़ित ने एंबुलेंस सेवा पर भी उठाए सवाल




जौनपुर में बहन की अस्मत बचाना भाई को पड़ा भारी, मनचलों ने बेरहमी से पीटा; एंबुलेंस पर भी लगे गंभीर आरोप

जौनपुर (खुटहन):
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत गठाना गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बहन की अस्मत बचाना भाई को भारी पड़ गया। मनचलों ने भाई-बहन पर लाठी-डंडों और घूंसों से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित अजय कुमार गौतम के अनुसार, उसकी बहन रोज की तरह सिलाई सीखकर शाम करीब 6 बजे घर लौट रही थी। आरोप है कि पिछले कई दिनों से उस पर नजर रख रहे गांव के ही कुछ युवक—सुंदरम चतुर्वेदी, नवीन यादव और आदित्य गुप्ता उर्फ अंश—ने रास्ते में उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
बहन किसी तरह बचकर पास ही भट्टे पर काम कर रहे अपने भाई अजय के पास पहुंची और पूरी बात बताई। बहन की इज्जत बचाने के लिए अजय जैसे ही उसे घर छोड़ने निकला, आरोपियों ने पहले से घात लगाकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने भट्टे पर रखे लाठी-डंडों और भारी औजारों से अजय की जमकर पिटाई की।
खेत में अधमरा छोड़कर भागे आरोपी
हमले के बाद आरोपी अजय को अधमरी हालत में गेहूं के खेत में फेंककर फरार हो गए। बहन मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन कोई भी ग्रामीण मदद के लिए आगे नहीं आया। हमलावरों ने जाते-जाते धमकी भी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे।
होश आने पर खुद बुलानी पड़ी एंबुलेंस
घंटों बाद जब अजय को होश आया तो उसने खुद एंबुलेंस को फोन किया। आरोप है कि एंबुलेंस कर्मियों ने रात में आने के नाम पर ₹500 की मांग की और पैसा न देने पर उसका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया। कई बार प्रयास के बाद दूसरी एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
पुलिस में दी गई तहरीर, कार्रवाई की मांग
पीड़ित पक्ष ने खुटहन थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय सवाल:
क्या बेटियों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना अब अपराध बन गया है?
एंबुलेंस सेवा पर लगे आरोपों की होगी जांच?
क्या पुलिस समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर पाएगी?


-

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने

Powerd by शिवसेन्द्र यादव पत्रकार खुटहन 9415938557



 


نموذج الاتصال