वैश्य समाज ने किया रुद्राभिषेक व जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की भी मांगी कामना
खुटहन (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं यशस्वी जीवन की कामना को लेकर रविवार को खुटहन में वैश्य समाज उत्तर प्रदेश, जनपद जौनपुर के तत्वावधान में भव्य रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा-भक्ति के माहौल में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर मंत्री के स्वस्थ, सफल और दीर्घ जीवन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व वैश्य समाज उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि समाज की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा प्रदेश की निरंतर उन्नति और जनकल्याण की कामना करना है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आर.पी. जायसवाल ने कहा कि समाज की एकजुटता और धार्मिक आस्था ही सामाजिक समरसता की सबसे बड़ी शक्ति है। विशिष्ट अतिथि डॉ. शिवकुमार साहू, बाबूराम साहू, रामसागर साहू, रत्नेश अग्रहरि, गोरेलाल अग्रहरि, मनोज अग्रहरि तथा अजय साहू सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।पूरे धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पंडित अवधेश दूबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कराया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने भगवान शिव से प्रदेश की खुशहाली, समाज की उन्नति तथा कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-

