जौनपुर। जनपद के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतरजनपदीय शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार को सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग के दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (35 वर्ष) निवासी ग्राम भेला, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना सरपतहां का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके विरुद्ध जौनपुर, आजमगढ़, अमेठी, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, प्रयागराज और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत लगभग 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दूसरे गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23 वर्ष) निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध भी पूर्व से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामदगी
- 01 देशी तमंचा
- 01 जिंदा कारतूस
- 01 खोखा कारतूस
- 01 मोटरसाइकिल
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी खुटहन भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। मामले के संबंध में न्यायिक प्रक्रिया एवं आगे की जांच जारी है।
-

