खुटहन, जौनपुर।
जौनपुर जिले के खुटहन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। अस्पताल में बिजली आपूर्ति ठप होने के दौरान एक गर्भवती महिला का प्रसव मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में कराया गया। भीषण गर्मी के बीच प्रसूता, नवजात और उनके परिजनों को पूरी रात हाथ से पंखा झलकर समय बिताना पड़ा, जबकि वार्ड में लगे बिजली के पंखे शोपीस बनकर रह गए।
परिजनों के अनुसार बिजली न होने से अस्पताल में अंधेरा छाया रहा और चिकित्सकीय कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मजबूरी में मोबाइल की टॉर्च की रोशनी का सहारा लेकर प्रसव कराया गया। गर्मी से राहत के लिए परिजन हाथ से पंखा झलते रहे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर सीएचसी में निर्बाध बिजली आपूर्ति, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था तथा मरीजों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज या नवजात को ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
-

