जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के कुसियाबहार गांव में प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर परिजनों के विरोध के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई। कथित तौर पर शादी करने की जिद में एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मजहलीपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज पुत्र घूरेराम और कुसियाबहार गांव निवासी 19 वर्षीय संध्या पुत्री रामभवन रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को सूरज, संध्या के घर पहुंचा था। इसी दौरान शादी को लेकर परिजनों के विरोध और कथित दबाव के बीच दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान संध्या ने दम तोड़ दिया। वहीं सूरज की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और युवती के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला प्रेम संबंध और शादी के विरोध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
-

