शिकायत करने पहुंचे दिव्यांग भाजपा नेता से अभद्रता का आरोप, बीडीओ पर धक्का देकर गिराने का दावा




विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत और फोन रिसीव न करने को लेकर हुआ विवाद, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद थाने में दी तहरीर

खुटहन (जौनपुर)। विकास कार्यों में कथित खामियों की शिकायत और अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव नहीं किए जाने को लेकर खुटहन विकासखंड कार्यालय में बुधवार को विवाद का मामला सामने आया है। जौकाबाद गांव निवासी एवं भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक प्रेमचंद तिवारी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) नीरज जायसवाल पर अभद्रता करने और धक्का देकर गिराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही खुटहन थाने में नामजद तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

प्रेमचंद तिवारी के अनुसार, वह बुधवार को करीब 11 बजे विकासखंड कार्यालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर वह पहले से अधिकारियों से शिकायत करना चाहते थे, लेकिन संबंधित बीडीओ द्वारा उनका फोन रिसीव नहीं किया जा रहा था। इसी शिकायत को लेकर वह कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से बातचीत कर रहे थे।

आरोप है कि अपनी शिकायत सामने रखे जाने पर बीडीओ नाराज हो गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित का दावा है कि इसी दौरान उन्हें धक्का दे दिया गया, जिससे वह गिर गए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी ग्राम प्रधान के पक्ष में रहते हुए उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

घटना के बाद प्रेमचंद तिवारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा खुटहन थाने में भी नामजद तहरीर देकर पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले से संबंधित पीड़ित का बयान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। वीडियो में प्रेमचंद तिवारी घटनाक्रम की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करते दिखाई दे रहे हैं।



-

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने

Powerd by शिवसेन्द्र यादव पत्रकार खुटहन 9415938557



 


نموذج الاتصال