हादसे में घायल युवक के लिए विधायक ने रोका काफिला
सीएमओ से बात कर कराया जिला अस्पताल रेफर
खुटहन (जौनपुर), 14 सितंबर। इमामपुर गांव में सोमवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपना काफिला तत्काल रुकवा दिया। बिना समय गंवाए वह घायल युवक के पास पहुंचे और उसकी स्थिति देख तत्काल अपनी गाड़ी से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा हालत गंभीर बताए जाने पर विधायक ने सीएमओ से फोन पर वार्ता कर युवक को जिला अस्पताल रेफर कराने की व्यवस्था कराई।
तिघरा गांव निवासी हेमेन्द्र यादव उर्फ बालू का पुत्र सौरभ यादव किसी काम से बाइक से इमामपुर गया था। लौटते समय जौनपुर की ओर से तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर पहुंचे विधायक ने न तो वीआईपी काफिले की औपचारिकता की परवाह की और न ही अस्पताल पहुंचाने में देरी होने दी। उन्होंने खुद पहल करते हुए घायल को अपनी गाड़ी में बैठाया और सीएचसी पहुंचाया। विधायक की इस तत्परता से घायल को समय पर उपचार मिल सका। प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-
