तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई बाइक, मंदिर की दीवार से टकराने के बाद हुआ हादसा
खुटहन (जौनपुर)। खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा ग्राम सभा स्थित तिघरा तिराहे पर हनुमान मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित हुई बाइक हनुमान मंदिर दीवार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मुबारकपुर गांव निवासी विकास सिंह (26) पुत्र विनय सिंह बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। उनके साथ कैरा डीह गांव निवासी अंकित उर्फ प्रधान पुत्र रणजीत यादव भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तिघरा तिराहे पर हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे मंदिर की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने विकास सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अंकित उर्फ प्रधान का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान: विकास सिंह (26), पुत्र विनय सिंह, निवासी मुबारकपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर।
घायल की पहचान: अंकित उर्फ प्रधान, पुत्र रणजीत यादव, निवासी कैरा डीह, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-

