खुटहन (जौनपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बड़नपुर की राज्य पुरस्कार से सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रतिभा सिंह ने गुरुवार को सेवा और संकल्प की अनूठी पहल की। उन्होंने गांव की मुसहर बस्ती में पहुंचकर करीब 50 बच्चों और महिलाओं को वस्त्र, फल एवं मिठाई वितरित कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया।
सेवा कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उपहार स्वरूप वस्त्र, फल और मिठाई पाकर बस्ती के बच्चों के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने भी इस पहल की सराहना की।प्रतिभा सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों में सहभागी बनना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। जन्मदिन जैसे अवसरों को जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा कर मनाने से समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में प्रतिभा सिंह सहित आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े लोग एवं बस्ती के बच्चे और महिलाएं मौजूद रहीं।
-

