जौनपुर। थाना खुटहन पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण कर बिक्री करने वाले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 मार्च 2026 को थाना खुटहन की संयुक्त पुलिस टीम एवं क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक की टीम ने खुटहन–जौनपुर मार्ग स्थित ग्राम भगमलपुर में छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण कर बिक्री करने वाले तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र प्रजापति पुत्र रामप्रसाद प्रजापति निवासी धमौर खास थाना खुटहन, बृजेश कुमार प्रजापति पुत्र स्व. लालबहादुर प्रजापति निवासी ग्राम बन्दनपुर , विकास खंड खुटहन, तथा अशोक विश्वकर्मा पुत्र मंगलसेन विश्वकर्मा निवासी धमौर थाना खुटहन शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 81 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें जितेंद्र प्रजापति के पास से 38 इंडेन मार्का खाली घरेलू गैस सिलेंडर, एक भरा हुआ सिलेंडर तथा 10 भारत मार्का खाली सिलेंडर कुल 49 सिलेंडर मिले। वहीं बृजेश कुमार प्रजापति के पास से 14 इंडेन मार्का खाली तथा एक भारत मार्का भरा सिलेंडर कुल 15 सिलेंडर बरामद किए गए। अशोक विश्वकर्मा के कब्जे से 12 इंडेन मार्का और 5 भारत मार्का के खाली घरेलू गैस सिलेंडर कुल 17 सिलेंडर बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने का कार्य कर रहे थे। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-

