रात के अंधेरे में अराजक तत्वों की हरकत, ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
खुटहन (जौनपुर), 17 मई।
क्षेत्र के बड़नपुर गांव में शनिवार रात पंचशील एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के झंडे तोड़े जाने की घटना से गांव में आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह दलित बस्ती मार्ग पर लगे झंडे गायब मिले तथा मौके पर बांस टूटे पड़े दिखाई दिए, जिसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस खेत के किनारे बांस गाड़कर पंचशील व अंबेडकर के झंडे लगाए गए थे, उसी पक्ष के कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में झंडों को तोड़कर हटा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया, हालांकि दिनभर गांव में तनाव की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-

