सिकरारा (जौनपुर)। सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल से बुधवार सुबह सई नदी में छलांग लगाने से बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले खोज अभियान के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, डीहजहनिया गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति की पुत्री श्वेता प्रजापति (19) गुलजारगंज-रड़इया स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह साइकिल से घर से निकली और बरगुदर पुल पर पहुंचकर सई नदी में छलांग लगा दी। पुल पर उसकी लाल रंग की साइकिल और चप्पल मिली, जिससे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुल से लगभग 50 मीटर आगे छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि छात्रा के इस कदम के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
-

