सुशील पांडे गुट की करौंदीकला ब्लॉक इकाई का गठन, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शिक्षक हितों की रक्षा का लिया संकल्प
खुटहन (जौनपुर), 7 अगस्त। जनपद की सीमा से सटे सुल्तानपुर जनपद में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (सुशील पांडे गुट) की करौंदीकला ब्लॉक इकाई का गठन शुक्रवार को विकास खंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में आयोजित बैठक में किया गया। जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह प्रतापगढ़ी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान जिला मंत्री राहुल तिवारी राष्ट्रवादी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बैठक में कमलेश कुमार सिंह को अध्यक्ष, शैलेन्द्र चौधरी को मंत्री, चन्द्रमणि यादव को कोषाध्यक्ष, श्याम प्रकाश मिश्र को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिव प्रताप यादव को संयुक्त मंत्री, सुरेश राणा को प्रचार मंत्री तथा जुगनू शेख को संगठन मंत्री सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि संगठन शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगा। ब्लॉक स्तर पर किसी भी शिक्षक का उत्पीड़न या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना और संगठन को मजबूत बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह प्रतापगढ़ी ने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। एक मजबूत संगठन ही शिक्षकों की आवाज को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचा सकता है। वहीं जिला मंत्री राहुल तिवारी राष्ट्रवादी ने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए शिक्षक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।
कार्यक्रम का संचालन जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशिक पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के संरक्षक विजय प्रताप सिंह, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह, सनत सिंह, सुशांत मिश्रा, अनिल मौर्य, सूर्य प्रकाश मिश्रा, संदीप सिंह, प्रदीप नारायण झा, विवेक नारायण झा सहित ब्लॉक क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-

