खुटहन(जौनपुर)21 अगस्त छतौरा ग्राम पंचायत के हसनपुरा मजरे में मनरेगा योजना से करीब 11 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2022-23 में बनाया गया आंगनबाड़ी केंद्र देखरेख के अभाव में नशाखोरी का अड्डा बन गया है। भवन के भीतर किचन में शराब की दर्जनों खाली बोतलें, देशी शराब के खाली पैकेट, सिगरेट के टोंटे, ग्लास और प्लास्टिक की बोतलें बिखरी मिलीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शाम ढलते ही यहां नशेड़ियों का जमावड़ा होता है। भवन की बदहाली का वीडियो भी इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रसारित हो रहा है।
भवन का एक कमरा दरवाजा नहीं होने के कारण नशाखोरों और असामाजिक तत्वों के लिए आसानी से उपलब्ध है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए भवन का उपयोग बच्चों की गतिविधियों के बजाय असामाजिक गतिविधियों के लिए हो रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्र के बगल करीब सात लाख रुपये की लागत से बनाया गया खेल मैदान भी बदहाली का शिकार है। मैदान में घास-फूस उगी है। खिलाड़ियों के लिए लगाई गई कसरत की मशीनें भी देखरेख के अभाव में जंग खा रही हैं। शुद्ध पेयजल के लिए दो हैंडपंपों की बोरिंग तो कराई गई, लेकिन पाइप धंसा दिए जाने के बाद नल या सबमर्सिबल पंप नहीं लगाया गया।
वर्ष 2021-22 में तत्कालीन जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने खेल मैदान का शुभारंभ किया था। उस समय खिलाड़ियों में काफी उत्साह था। मैदान से सटे तालाब की सीढ़ियों पर भी घास-फूस उग आई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से भवन और खेल मैदान की नियमित देखरेख कराने की मांग की है। इस संबध में खंड विकास अधिकारी नीरज जयसवाल के सरकारी और प्राइवेट दोनों मोबाइल नंबर पर फोन किया गया। लेकिन फोन रिसीव ही नहीं किए।
-

