स्नान कराकर खिलाए फल-गुड़, गौवंश के संरक्षण और संवर्धन का दिया संदेश
खुटहन (जौनपुर)। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पट्टीनरेंद्रपुर स्थित गौशाला में गोसेवा और श्रद्धा की अनुपम छटा देखने को मिली। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने गौ माता को स्नान कराकर फल और गुड़ खिलाया। आस्था के इस पर्व पर उन्होंने गौवंश की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि गौसेवा हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान होने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश के संरक्षण का संदेश देता है। गौ माता की सेवा हमारी धार्मिक आस्था के साथ ही सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौवंश का संरक्षण और निराश्रित गोवंश की सेवा के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, सीटू तिवारी, राणा सिंह, ग्राम प्रधान खुशियाल, अवनीश सिंह, एडीओ पंचायत अजय मिश्रा सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-

